मथुरा में छाता के नगला बिरजा में बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। जिस वक्त युवक को गोली मारी गई वह खाना खा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई। प्रथमदृष्ट्या भाइयों में हुए झगड़े के चलते यह हत्या की गई है, फिर भी पुलिस असली वजह टटोल रही है। पिता की तहरीर पर बड़े भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रविवार की सुबह 10 बजे कन्हैया (27) पुत्र रेखपाल घर में खाना खा रहा था। इसी बीच बाहर से आए बड़े भाई नरोत्तम ने कन्हैया के सीने में गोली दाग दी। खून से लथपथ भाई जमीन पर गिर पड़ा। घर में कोहराम मचा देख गोली मारने वाला भाई भाग खड़ा हुआ। आनन-फानन में परिजन गंभीर रूप से घायल कन्हैया को नयति अस्पताल ले गए।
यहां दोपहर में घायल ने दम तोड़ दिया। पहले तो घरवाले घटना को छिपाते रहे, लेकिन कन्हैया की मौत हो जाने के बाद छाता पुलिस को सूचना दी। छाता पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि चार दिन पूर्व दोनों भाइयों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। उसी के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या की है। पिता की तहरीर पर बड़े भाई नरोत्तम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कन्हैया खेती करता था। नरोत्तम भी खेती करता है।
हत्या की असली वजह टटोल रही है पुलिस
रेखपाल के तीन बेटे हैं। गोली मारने वाला नरोत्तम दूसरे नंबर का है। कन्हैया सबसे छोटा था। नरोत्तम और कन्हैया की पत्नी दोनों सगी बहन हैं। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी रमेश चंद शर्मा ने बताया कि फिलहाल मामले की असली वजह टटोली जा रही है। जल्द ही हत्या के कारण की सच्चाई सभी के सामने लाई जाएगी। हत्यारोपी की तलाश की जा रही है।