जर्जर पुलिया पर मिट्टी के कट्टे रख विभाग ने की खानापूर्ति, ग्रामीणों में रोषकिरावली
अछनेरा । किरावली–अछनेरा मार्ग पर गांव पुरामना के पास गोपऊ राजवाहा पर बनी लोक निर्माण विभाग की जर्जर पुलिया को लेकर ग्रामीणों और किसानों में आक्रोश है। विगत शुक्रवार को विभाग ने पुलिया पर प्लास्टिक के कट्टों में मिट्टी भरकर रख दी, जिसे ग्रामीणों ने स्थायी समाधान के बजाय खानापूर्ति बताया।
ग्रामीणों के अनुसार करीब 15 वर्षों से पुलिया बदहाल है और पैराफिट टूटने से हादसे का खतरा बना रहता है। पुरामना निवासी सुरेश चंद चौधरी ने बताया कि दो अक्टूबर 2024 को विजयपाल इंदौलिया पुत्र गजाधर इंदौलिया बाइक समेत नहर में गिर गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद भी विभाग ने केवल चेतावनी संकेतक लगाकर औपचारिकता निभाई। किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने बताया कि पुलिया के पुनर्निर्माण, चौड़ीकरण और दिशा सुधार को लेकर सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग और एसडीएम किरावली को कई बार ज्ञापन दिए गए लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। रोष जताने वालों में गंगाराम माहौर, अरविंद चौधरी, सत्यवीर चाहर, गजेंद्र इंदौलिया, जगदीश सिंह, विनोद सिंह, सोनवीर सिंह, अरब सिंह और लक्ष्मण सिंह शामिल रहे।