मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव रमईहार निवासी वृद्धा के घर मेहमान बनकर आए परिचित 13 हजार रुपये चुरा ले गए। बुधवार की सुबह जानकारी होने के बाद वृद्धा भाई के साथ रोते बिलखते हुए कोतवाली पहुंची। तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रमईहार निवासी फूलमती सन्यासी हो चुकीं हैं, वहीं उनके भाई दाताराम भी बाबा हो गए हैं। दाताराम चित्रकूट आदि धार्मिक स्थल घूमते रहते हैं। दो दिन पूर्व उनके घर पर बिछवां क्षेत्र के रहने वाले एक दंपती आए। दोनों ने उनकी काफी आवाभगत की, आरोप है कि मंगलवार की रात दंपती घर में रखी 13 हजार रुपये की नकदी और सामान आदि चोरी कर ले गए। बुधवार की सुबह जागने पर फूलमती व दाताराम को इसकी जानकारी हो सकी। दोनों ने काफी देर तक गांव में उनकी तलाश की। बिछवां जाकर भी जानकारी ली लेकिन कोई पता नहीं लग सका। जिसके बाद पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार का कहना है कि प्रार्थना पत्र संज्ञान में नहीं आया है। यदि शिकायत दी गई तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।