आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बड़ी परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हुईं। इसके साथ ही नकल का सिलसिला भी शुरू हो गया। विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान में बनाए गए कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से जुड़े हुए हैं। डीएनवी कॉलेज, बलदेव, मथुरा में दूसरी पाली की परीक्षा में परीक्षार्थी नकल करते सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए। अन्य आठ कॉलेजों की गतिविधियां भी संदिग्ध दिखीं। सभी को नोटिस जारी किया जा रहा है।
डीएनवी कॉलेज में करीब 12:55 बजे कक्ष में परीक्षार्थी एक-दूसरे से सटकर बैठ गए। एक-दूसरे की कॉपी के पन्ने पलटकर देख रहे थे। कंट्रोल रूम से इसके साक्ष्य सुरक्षित रख लिए गए हैं। इस केंद्र पर तीसरी पाली की परीक्षा में उड़नदस्ता भी भेजा गया। इस कॉलेज सहित कुल नौ कॉलेजों की रिपोर्ट कंट्रोल रूम से उड़नदस्ता प्रभारी प्रो. मनोज श्रीवास्तव को दी गई। प्रो. श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे से देखने पर कक्षों की स्थिति संदिग्ध थी। परीक्षार्थी एक-दूसरे की कॉपी में देख रहे थे। कक्ष में हलचल थी। सभी जगहों पर उड़नदस्ते भेजे गए। उनको सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग नहीं दिखाई गई। बहाने बनाए गए। परीक्षा केंद्रों को नोटिस जारी किया जा रहा है।
इन कॉलेजों में गतिविधि संदिग्ध दिखीं
. श्रीमती सूरजमुखी महाविद्यालय, मैनपुरी।
. जेएस कॉलेज ऑफ एजूकेशन, मैनपुरी।
. जय मां इंस्टीट्यूट, मैनपुरी।
. विद्या शिवचरण लाल स्मृति महाविद्यालय, मथुरा।
. आरसीवी डिग्री कॉलेज, मथुरा।
. डीएनवी कॉलेज, बल्देव, मथुरा।
. डीआरजी कॉलेज, अलीगढ़।
. मां जानकी देवी महाविद्यालय, हाथरस।
. श्री भवानी सिंह महाविद्यालय, टेढ़ी बगिया, आगरा।
---
परीक्षा केंद्र का सीसीटीवी कैमरा बंद था, बाहरी तत्व घुसे थे
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान के शिक्षक डॉ. आलोक कुमार के नेतृत्व में उड़नदस्ता अलीगढ़ में निरीक्षण के लिए गया था। शिवशक्ति डिग्री कॉलेज, अतरौली में उड़नदस्ता पहुंचा तो सीसीटीवी कैमरे बंद थे। बाहरी तत्व परिसर में घूम रहे थे।
उड़नदस्ते ने दोपहर 12 बजे सीसीटीवी कैमरा चालू कराया। परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल कराए जाने की स्थिति थी। कॉलेज के प्राचार्य ने अपनी गलती को लिखित में स्वीकार किया है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर का कहना है कि उड़नदस्ते की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा केंद्र के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
श्रीमती महादेवी पीजी कॉलेज, मैनपुरी (कोड-477) में उड़नदस्ता पहुंचा तो 42 परीक्षार्थी केंद्र पर परीक्षा दे रहे थे। सीसीटीवी वाले कक्ष में ताला लगा हुआ था। उड़नदस्ते ने कक्ष खोलने के लिए कहा लेकिन अधीक्षक ने मना कर दिया। कहा कि कक्ष की चाबी उसके पास नहीं है। उड़नदस्ते ने अपने सामने बैठकर परीक्षा कराई। ओएमआर शीट सील कराने के बाद वहां से हटे। प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक रॉय के मुताबिक केंद्र पर बुधवार से पर्यवेक्षक तैनात किया जा रहा है।
श्री भवानी सिंह महाविद्यालय, टेढ़ी बगिया में उड़नदस्ते के पहुंचने पर 15 मिनट तक गेट नहीं खोला गया। गेट बंद रखा गया था। जबकि कंट्रोल से उड़नदस्ते को केंद्र में परीक्षार्थियों की गतिविधियां संदिग्ध होने की सूचना दी गई थी। उड़नदस्ता प्रभारी प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक तैनात किया जाएगा। नोटिस भी जारी किया जा रहा है।
कंट्रोल रूम से कम केंद्रों की निगरानी की जा सकी। परीक्षा केंद्र तो कंट्रोल रूम से जुड़े हुए हैं, रिकार्डिंग चालू नहीं रखी गई। वहीं, कुछ कॉलेजों ने थोड़ी देर रिकार्डिंग चालू रखी, इसके बाद बंद कर दी। उड़नदस्तों को भी केंद्रों की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव, उड़नदस्ता प्रभारी प्रो. मनोज श्रीवास्तव, सहायक कुलसचिव अजय कुमार गौतम, अनूप कुमार, कैलाश बिंद ने श्रीलाल महाविद्यालय आबिदगढ़, अमित मेमोरियल महाविद्यालय जलेसर रोड, बोहरे पातीराम महाविद्यालय आंवलखेड़ा का निरीक्षण किया। परीक्षाएं ठीक से चल रही थीं। सीसीटीवी की रिकार्डिंग ठीक ढंग से नहीं हो रही थी। इसे ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन की बुधवार को और बड़ी परीक्षा होगी। परीक्षा में 1.11 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली पाली में 361, दूसरी पाली में 338 और तीसरी पाली में 355 केंद्रों पर परीक्षा होगी। उड़नदस्ता प्रभारी ने बताया कि उड़नदस्तों की संख्या 12 से बढ़ाकर 15 कर दी गई है। सभी टीमें केंद्रों के निरीक्षण के लिए निकलेंगी।