कासगंज। परिवहन निगम की सचल दल टीम ने पांच जून को कासगंज-मोहनपुरा रोड पर चेकिंग के दौरान एक अनुबंधित बस को अलीगढ़ जाने पर डेढ़ और कासगंज आने पर पांच सवारी बिना टिकट यात्रा कराते पकड़ा था। सचल दल ने परिचालक की इस करतूत से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया था। परिचालक पर 10 गुना 3500 रुपये जुर्माना भी लगाया गया था। शनिवार को निगम ने परिचालक की संविदा समाप्त कर दी है।
परिवहन निगम को लगातार राजस्व की चोरी की शिकायतें मिल रही हैं। निगम के सचल दल ने कासगंज-सिकंदराराऊ मार्ग पर चेकिंग के दौरान अलीगढ़ जाने वाली अनुबंधित बस में डेढ़ सवारी बिना टिकट यात्रा कराते हुए मोहनपुरा पर बस को पकड़ा था। वापसी में इसी अनुबंधित बस में पांच सवारी बिना टिकट यात्रा करते नदरई पर पकड़ी गई। सचल दल ने सवारियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि हमने तो किराया दे दिया है, लेकिन परिचालक ने टिकट नहीं बनाई। मौके पर परिचालक सचल दल को स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। तब सचल दल ने परिचालक ओम प्रकाश पर बिना टिकट यात्रा कराने पर टिकट का 10 गुना यानी 3500 रुपये का जुर्माना लगाया था। मामले से उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया था। उच्च अधिकारियों ने परिचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। लेकिन परिचालक ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। शनिवार को निगम के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उसकी संविदा समाप्त की गई है।
बिना टिकट यात्रा कराते सचल दल ने परिचालक को पकड़ा था। उसकी विभागीय जांच चल रही थी। वह नोटिस में स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उसकी संविदा समाप्त की गई है। -ओम प्रकाश, एआरएम