मैनपुरी। एलाऊ थाना क्षेत्र के एक गांव में पनीर की सब्जी खाने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की हालत बिगड़ गई। बेटी ने मां-बाप और भतीजे को उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामला थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव शिवसिंहपुर का है। गांव निवासी हाकिम सिंह के घर पर रविवार की सुबह पनीर की सब्जी बनी थी। 66 वर्षीय हाकिम सिंह, 62 वर्षीय पत्नी सुखदेवी और पांच वर्षीय पौत्र आयुष पुत्र वीरभान ने पनीर के साथ भोजन किया। इसके थोड़ी देर बाद तीनों की हालत बिगड़ गई। उन्हें उल्टी-दस्त होने लगे। घर में उस वक्त पुत्री ज्योती मौजूद थी, उसने पनीर नहीं खाया था। उसने जब तीनों की हालत बिगड़ती देखी तो चाची की मदद से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जिला अस्पताल में हाकिम सिंह ने बताया कि उनकी हालत पनीर की सब्जी खाने के बाद बिगड़ी है। सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार गर्ग ने बताया कि तीनों को उल्टी-दस्त की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन के अनुसार घर में बने भोजन को खाने के बाद उनकी हालत बिगड़ी है। फिलहाल स्थिति में सुधार हो रहा है।