आगरा। कलवारी ग्राम पंचायत के रास्ते में बना अवैध ढाबा बुधवार को प्रशासन ने बुलडोजर से ढहा दिया। ढाबा व कबाड़ दुकानों के अतिक्रमण के कारण पांच साल से रास्ता बंद था। ग्राम प्रधान की शिकायत पर तहसील टीम ने अवैध निर्माण ध्वस्त कर रास्ते को खाली कराया है।
कलवारी ग्राम पंचायत के सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा कर फौजी ढाबा खुल गया। एक कबाड़े का गोदाम संचालित था। पांच साल से रास्ता बंद होने के कारण ग्रामीणों को 100 फुट रोड होकर निकलना पड़ता था। ग्राम प्रधान हुकुम सिंह ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। तहसीलदार रजनीश वाजपेयी ने मौके पर जांच कराई, तो रास्ते की जमीन सरकारी मिली। नोटिस के बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटने पर बुधवार को पुलिस बल के साथ प्रशासनिक टीम ने ढाबा व कबाड़ गोदाम को ध्वस्त कर दिया है। क्षेत्रीय लेखपाल वीरेंद्र दीक्षित ने बताया कि रास्ते की 500 वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। आरोपितों के विरुद्ध नोटिस जारी किए जा रहे हैं।