कासगंज में धानमील रोड पर युवक की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। बेटी की आबरू से खिलवाड़ की कोशिश के शिकार भी हुए, मामला पुलिस के पास पहुंचा तो एक आरोपी के परिजनों के अनुरोध पर उसे माफी भी दे दी, मलाल तो बस इस बात का है कि जुल्म भी सहा और हत्या की वारदात में परिजन को भी खोना पड़ा। यह दर्द है मृतक के परिवार बार-बार बयां कर रहा है।
विवाद तीन दिनों से चला आ रहा था। सोमवार को बालिका से छेड़छाड़ के बाद उसके परिवार के लोगों ने आरोपियों के परिवार के लोगों से शिकायत की तो सुलहनामा भी हो गया, लेकिन अंदरखाने मन ही मन दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बनी रही। बुधवार दोपहर को छेड़छाड़ के आरोप में हत्यारोपियों के साथी अरबाज ने पीड़िता के परिजनों से कहासुनी की तो यूपी 112 पुलिस बुलाकर अरबाज को हिरासत में ले लिया।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक अरबाज के परिजनों ने माफी मांगी और कहा कि भविष्य में उनका बेटा कभी ऐसी गलती नहीं करेगा। हालांकि हत्या की वारदात में अरबाज शामिल नहीं है, लेकिन यह वारदात तब हुई जब अरबाज के परिजनों के अनुरोध पर उसे थाने से छुड़ा लिया। इधर, छेड़छाड़ का आरोपी छूटा उधर हत्या की वारदात के लिए आरोपियों ने योजना बना ली। मृतक के परिजनों के मुताबिक शायद छेड़छाड़ के आरोपी को माफी देकर न छुड़वाते तो यह वारदात करने का हौसला अन्य आरोपियों में न होता।
मोहल्ले में तनाव, कई थानों का पुलिसबल तैनात
युवक की हत्या के बाद से मोहल्ले में तनाव बना हुआ है। इसको लेकर मोहल्ले में कई थानों का पुलिसबल तैनात किया गया है। मोहल्ले में ऐहतियातन पीएसीबल भी तैनात किया गया है। हालांकि तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। अंदरखाने कहीं प्रतिशोध की ज्वाला न भड़के इसको लेकर पुलिस ऐहतियात बरत रही है। एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद था। इसको लेकर फैसला भी हो गया था। मोहल्ले में शांति भंग न हो इसके मद्देनजर पुलिसबल तैनात किया गया है।