फतेहाबाद। तहसील क्षेत्र के ग्राम नेहरे का पुरा निवासी किसान ने हल्का लेखपाल पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, धमकी देने और कार्य में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने उपजिलाधिकारी फतेहाबाद से मामले की शिकायत की है।
निबोहरा क्षेत्र के नेहरेकापुरा निवासी किसान कुंवरसेन पुत्र जगदीश प्रसाद ने बुधवार को उपजिलाधिकारी फतेहाबाद के कार्यालय में शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह पिछले कई महीनों से अपनी पुत्री के जाति प्रमाण पत्र और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कराने के लिए हल्का लेखपाल दिनेश गोला के चक्कर काट रहा है। आरोप है कि लेखपाल हर बार टाल-मटोल कर देते हैं। मंगलवार को जब पीड़ित इसी कार्य के लिए तहसील परिसर पहुंचा और लेखपाल को फोन किया, तो लेखपाल फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। लेखपाल ने न केवल अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, बल्कि धमकी भी दी। पीड़ित के फोन में पूरी घटना की बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड हो गया। पीड़ित किसान का आरोप है कि लेखपाल गांव के कुछ दबंगों के इशारे पर काम कर रहा है, जिनसे पीड़ित की पुरानी रंजिश है। इसी कारण जानबूझकर उसके सरकारी कार्यों को रोका जा रहा है। पीड़ित ने उपजिलाधिकारी फतेहाबाद से न्याय की गुहार लगाई है।