आगरा पुलिस की गाड़ी (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के दयालबाग के सौ फुटा मार्ग स्थित मंगलम शिला अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से बृहस्पतिवार शाम को कपड़ा व्यापारी राहुल अग्रवाल की पत्नी शिल्पी अग्रवाल (38) की गिरकर मौत हो गई। वह अपनी महिला मित्र के घर पर गईं थीं। तभी वो बालकनी से गिर गईं। पुलिस हादसे की वजह तलाश रही है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं।
सुभाष नगर, कमला नगर निवासी कपड़ा व्यापारी राहुल अग्रवाल के मित्र अक्षय अग्रवाल मंगलम शिला अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर फ्लैट नंबर सी-404 में रहते हैं। दोनों की पत्नी भी आपस में मित्र हैं। अक्षय अग्रवाल के पिता पूरन चंद की तबीयत खराब है। उन्हें देखने राहुल की पत्नी शिल्पी बेटी कनाक्षी के साथ बृहस्पतिवार शाम को गईं थीं।
शाम तकरीबन 6 बजे शिल्पी अक्षय की पत्नी सृष्टि बालकनी में खड़े थे। दोनों बात कर रहे थे। बच्चे कमरे में खेल रहे थे। सृष्टि किसी काम से दूसरे कमरे में गईं। शिल्पी बालकनी पर ही खड़ी रहीं। सृष्टि लौटकर आईं तो वो नहीं मिलीं। अपार्टमेंट के भूतल से शोर मच रहा था। उन्होंने देखा तो शिल्पी पड़ी हुई थीं। यह देखकर सृष्टि के होश उड़ गए। वह भागकर नीचे आईं। घायल शिल्पी को एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी ले गईं, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। रात तकरीबन आठ बजे सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने जांच की। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं।
आखिर क्या हुआ?
शिल्पी और सृष्टि बालकनी में बात कर रहे थे। सृष्टि के जाते ही शिल्पी गिर गईं। आखिर ऐसा क्या हुआ, जो वो गिर पड़ीं? इसका पता करने के लिए पुलिस पड़ताल में लगी है। एसीपी ताज सुरक्षा सैय्यद अरीब अहमद ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की बात कही गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजन गहरे सदमे में हैं। उन्होंने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया है।