उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पंखा ऑन करते समय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। परिजन जिंदा होने की आस में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
विज्ञापन
घटना जसराना थाना क्षेत्र के नगला गाज गांव की है। गांव निवासी रजनेश (16) पुत्र चंद्रवंशी सोमवार सुबह घर पर था। वह पंखा चलाने के लिए उसके तार लगा रहा था। तभी अचानक करंट लग गया और पंखा रजनेश पर गिर गया। करंट इतनी जोर से लगा कि वह उठ नहीं सका। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
किशोर की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन ने बताया कि वह कक्षा नौ का छात्र था और दो भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गए। इंस्पेक्टर अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने किशोर का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था। करंट लगने से उसकी मौत हुई है।