मैनपुरी: दीवार गिरने से हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जनपद के घिरोर कस्बा में मंगलवार सुबह एक घर की दीवार गिर गई। हादसे में बालक मलबे के नीचे दब गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज सैफई ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया है कि मोहल्ला फर्रास निवासी भूरे का 11 वर्षीय पुत्र शानू मंगलवार सुबह पास के ही मोहल्ले आंबेडकर नगर की ओर गया था। वह एक गली से होकर गुजर रहा था, तभी मोहल्ला निवासी शकील अहमद के मकान की दीवार अचानक उस पर गिर गई। मलबे के नीचे दबकर शानू गंभीर रूप से घायल हो गया। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। मलबे में दबे बालक को बाहर निकाला गया। मोहल्ले के लोगों ने भूरे को हादसे की जानकारी दी। बालक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने शानू को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो वक्त की रोटी के लिए मैनपुरी में रह रहा परिवार
भूरे कन्नौज के गांव उमर्दा के मूलरूप से निवासी हैं। वह दो वक्त की रोजी-रोटी के लिए घिरोर में रह रहे थे। यहां फर्रास मोहल्ले में वह किराये के मकान के परिवार के साथ रह रहे हैं। घिरोर की लहसुन मंडी में आढ़त पर लहसुन छंटाई का काम करते हैं। बेटे की मौत से भूरे बेसुध हो गए। उनका कहना कि वह घिरोर परिवार को पालने के लिए आए थे, लेकिन मुझसे मेरा बेटा छीन लिया।
मलबा से खून निकलने पर बालक के दबे होने की हुई जानकारी
मोहल्ला आंबेडकर नगर में दीवार के गिरने से हुई तेज आवाज सुनकर लोग मलबा के पास पहुंच गए थे। किसी को जानकारी नहीं थी कि नीचे कोई दबा है। मलबा से खून निकलता देख बालक के दबे होने की जानकारी हो सकी। हादसे की सूचना पर एसडीएम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। इस दौरान वहां पुलिस बल भी मौजूद रहा। एसडीएम रतन कुमार वर्मा ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
आगरा: जगदीशपुरा से 25 लाख रुपये चोरी के बाद भी नहीं लिया सबक, लोहामंडी थाने में मालखाने की सुरक्षा के कैमरे बंद