अंतर जनपदीय स्थानांतरण पर लगी रोक, 13 जनवरी तक कार्यभार ग्रहण करना था
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। शासन ने पारस्परिक स्थानांतरण के तहत होने वाले अंतर जनपदीय स्थानांतरण पर अचानक रोक लगा दी है। इससे अपने जनपद जाकर नौकरी करने वाले शिक्षकों को अब शासन के अग्रिम आदेश तक इंतजार करना होगा। पहले शासन से 11 जनवरी से 13 जनवरी तक शिक्षकों के कार्यमुक्त होकर कार्यभार ग्रहण करने का समय निर्धारित किया गया था।
अंतर जनपदीय स्थानांतरण के तहत स्थानांतरण पाने से वंचित रहने वाले शिक्षकों के लिए पारस्परिक अंतर जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत अपने जनपद जाकर नौकरी करने का मौका दिया जाता है। जिले से 237 शिक्षक अंतर जनपदीय स्थानांतरण के तहत स्थानांतरित होकर चले गए। 123 शिक्षक जिले में आए। इस प्रक्रिया के बाद शासन से पारस्परिक अंतर जनपदीय एवं अंतर जनपदीय प्रकिया को शुरू कराया।
जिले से 191 शिक्षकों ने बाहरी जनपदों में कार्य कर रहे शिक्षकों से संपर्क करके अपना जोड़ा बना लिया। 11 से 13 जनवरी तक का कार्यमुक्त होने एवं कार्यभार ग्रहण करने का समय होने से अन्य सभी तैयारियां भी पूरी कर ली, लेकिन शासन से अचानक इस प्रक्रिया पर रोक लगा देने से अब इन शिक्षकों को इंतजार करना होगा।
पारस्परिक अंतर जनपदीय स्थानांतरण पर शासन से रोक लगा दी है। जबकि अंतर जनपदीय स्थानांतरण के तहत होने वाले स्थानांतरण की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी- राजीव यादव, बीएसए