मैनपुरी। प्रेरणा एप के विरोध में 22 सूत्रीय मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षकों ने देर शाम नगर के मुख्य बाजारों में मशाल जुलूस निकाला। प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में निकाले गए इस जुलूस में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
सोमवार देर शाम प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजीव यादव के नेतृत्व में मशाल जुलूस कोतवाली से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य बाजार होता हुआ नगरपालिका स्थित गांधी प्रतिमा पर समाप्त हुआ। जुलूस में सम्मिलित शिक्षकों ने गांधी प्रतिमा के समक्ष प्रेरणा एप डाउनलोड न करने की शपथ भी ली।
यहां हुई गोष्ठी में जिला अध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि प्रेरणा एप के विरोध में शिक्षकों ने सड़कों पर उतर कर अपना विरोध दर्ज करा दिया है यदि सरकार ने तत्काल रोलबैक नहीं किया तो आंदोलन और उग्र होगा। प्रदेशमंत्री महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षकों से तमाम गैर शैक्षणिक कार्य कराने के बावजूद सरकार उसे प्रेरणा एप के बंधन में बांध कर बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है, सरकार की यह मंशा कभी सफल नहीं होगी।
जिला संरक्षक सत्यवीर सिंह ने कहा की सरकार प्रेरणा एप के जरिए बेसिक शिक्षा को निजीकरण की ओर ढकेल रही है। जिला सयोजक केपी सिंह ने कहा की प्रेरणा एप से शिक्षकों की निजता का हनन किया जा रहा है।
हरिओम दुबे, दलवीर कठेरिया, महेश आर्य, हरिओम दुबे, सत्यप्रकाश, योगेश यादव, सुरेंद्र सिंह, अबलेंद्र, प्रमोद कुमार, डॉ. मनोज यादव, आलोक शाक्य, व्योम सक्सेना, डॉ. कमलेश यादव, कौशल गुप्ता, मुकेश जिंदगी, सुदीप पांडेय, प्रदीप यादव, प्रतिमा यादव, किरन शाक्य, गरिमा, अनामिका, नीरज, शिप्रा सक्सेना, अल्पना सक्सेना, वर्षा यादव, मोहिनी राठौर, सरोजनी आदि मौजूद रहे।