किशनी (मैनपुरी)। पेट्रोल पंप संचालिका से धोखाधड़ी करना भाजपा नेताओं को महंगा पड़ गया। बसों में डीजल डलवाने के बाद रुपये न देने पर पुलिस ने एसपी के आदेश पर भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष, जिला मंत्री समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर पंचायत के पहले चेयरमैन रहे कृष्ण प्रताप सिंह की पत्नी सूर्यकांता देवी का बिधूना चौराहे पर सत ब्यौहार ऑटो मोबाइल्स के नाम से पेट्रोल पंप है। सूर्यकांता देवी के भतीजे शिवेंद्र चौहान बसों का संचालन करते हैं। सूर्यकांता देवी ने एसपी से शिवेंद्र चौहान की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि उनके पेट्रोल पंप से शिवेंद्र चौहान व उनके भाई धर्मेंद्र चौहान की बसों में डीजल डलवाया जाता था। जब उनका शिवेंद्र पर दो लाख, छह हजार रुपये व धर्मेंद्र पर 50 हजार रुपये डीजल का बकाया हो गया तो मुनीम रामगोपाल तिवारी व दीपक वर्मा ने तगादा किया। इस पर नौ मार्च को नगर के हवेली निवासी शिवेंद्र चौहान, धर्मेंद्र चौहान, विक्रांत चौहान व शिवा चौहान, सदर बाजार निवासी शिवानू चौहान ने धमकी देकर रुपये न देने की बात कही।
शिवानू चौहान भाजपा युवा मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष और विक्रांत चौहान जिला मंत्री हैं। एसपी ने थाना पुलिस को सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 20 दिन पूर्व शिवानू चौहान ने सूर्यकांता देवी के पुत्र राजमणि चौहान पर एक मामले में गवाही न देने पर फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। चार सितंबर को सूर्यकांता ने भी शिवानू चौहान, विक्रांत चौहान, शिवा चौहान पर जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था।