आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में रहने वाली शिक्षिका ने अपने चालक पर छेड़छाड़ और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शिक्षिका के अनुसार आरोपी ने घर पर आकर गाली गलौज कर दरवाजा खोलने को कहा। दरवाजा नहीं खोलने पर हंगामा किया। जब पुलिस के पास शिकायत करने निकलीं तो रास्ते में हाथ पकड़ कर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि वह हरीपर्वत क्षेत्र के एक काॅलेज की शिक्षिका हैं। उन्होंने न्यू लायर्स काॅलोनी के निवासी अनुज लहरिया को कार चालक की नौकरी पर रखा था। शुरुआत में उसने सही काम किया पर बाद में छेड़छाड़ कर परेशान करने लगा। उन्होंने आरोपी के घर जाकर शिकायत की। आरोपी के माफी मांगने पर उन्होंने छोड़ दिया।
सोमवार रात आरोपी उनके दरवाजे पर आया और गाली-गलौज करते हुए गेट खोलने के लिए कहा। धमकाया कि वह उनके वीडियो वायरल कर देगा और काॅलेज में नौकरी नहीं करने देगा। गेट नहीं खोलने पर वह बेसमेंट में छिप गया। वह पुलिस से शिकायत करने निकलीं तो रास्ते में हाथ पकड़कर जबरदस्ती की कोशिश की। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।