मैनपुरी। 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत शेष 36599 पदों की भर्ती प्रक्रिया की आज से काउंसिलिंग शुरू हो रही है। जिले में 699 पदों के लिए दो दिसंबर से चार दिसंबर तक काउंसिलिंग कराई जाएगी। इसके लिए छह टीमें गठित की गई हैं।
बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दो दिसंबर से चार दिसंबर तक शासन के निर्देश पर 69 हजार शिक्षक भर्ती के शेष पदों के लिए काउंसिलिंग कराई जाएगी। काउंसिलिंग का कार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पर किया जाएगा। यहां टेबल नंबर एक पर खंड शिक्षाधिकारी जेपी पाल के नेतृत्व वाली टीम की देखरेख में सामान्य वर्ग पुरुष की काउंसिलिंग होगी। टेबल नंबर दो पर सामान्य वर्ग महिला की काउंसिलिंग खंड शिक्षाधिकारी रामशंकर कुरील की देखरेख में की जाएगी।
टेबल नंबर तीन पर पिछड़ा वर्ग महिला की काउंसिलिंग खंड शिक्षाधिकारी सुमित वर्मा की देखरेख में की जाएगी। टेबल नंबर चार पर पिछड़ा वर्ग पुरुष की काउंसिलिंग खंड शिक्षाधिकारी मनींद्र सिंह की देखरेख में होगी। टेबल नंबर पांच पर एससी/एसटी विशेष आरक्षित पुरुष की काउंसिलिंग खंड शिक्षाधिकारी सर्वेश कुमार की निगरानी में होगी। टेबल नंबर छह पर एससी/एसटी/ विशेष आरक्षण महिला की काउंसिलिंग खंड शिक्षाधिकारी शैलेंद्र कुमार की देखरेख में की जाएगी।
- 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत शेष पदों पर आज से काउंसिलिंग शुरू हो रही है। सभी अभ्यर्थी जरूरी अभिलेख साथ लेकर आएं। काउंसिलिंग पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। - विजय प्रताप सिंह, बीएसए।