मैनपुरी। जिले के खंड शिक्षाधिकारी शासनादेश के बाद भी शिक्षामित्रों की समय से उपस्थिति नहीं भेज रहे हैं। इससे शिक्षामित्रों को समय से मानदेय नहीं मिल पा रहा है। शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन की शिकायत के बाद बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को चेतावनी दी है।
बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिए थे कि हर हाल में महीने की दो तारीख तक शिक्षामित्र और अनुदेशकों की उपस्थिति उनके कार्यालय को उपलब्ध करा दी जाए। बावजूद इसके जिले के खंड शिक्षाधिकारी मनमानी कर रहे हैं। इस कारण शिक्षामित्र और अनुदेशकों की उपस्थिति बीएसए कार्यालय में समय से नहीं रही है।
अगस्त की उपस्थिति अभी तक खंड शिक्षाधिकारियों ने बीएसए कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई है। इस पर शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन ने बीएसए से शिकायत की। बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिए कि दो दिन के अंदर सभी की उपस्थिति उपलब्ध करा दी जाए।
सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि शिक्षामित्र और अनुदेशकों की उपस्थिति हर माह की दो तारीख तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इससे कि उन्हें मानदेय समय से मिल सके। -विजय प्रताप सिंह, बीएसए