मैनपुरी। शासन के निर्देशानुसार जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के दो शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं दो अन्य शिक्षकों के वीडियो भी ऑनलाइन पढ़ाई में सहयोग के लिए चयनित किए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने ऑनलाइन पढ़ाई के लिए दूरदर्शन और स्वयंप्रभा चैनल के माध्यम से शिक्षा देने का निर्णय लिया है। इन चैनलों पर जिले के जैन इंटर कॉलेज करहल के रसायन विज्ञान प्रवक्ता पवन कुमार यादव और डीएवी इंटर कॉलेज लखौरा के शिक्षक हरिश्चंद्र सिंह के वीडियो प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला और शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनय कुमार पांडेय ने दोनों ही शिक्षकों के लिए प्रशस्ति पत्र जारी किए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने पांच सितंबर की देर शाम दोनों शिक्षकों को अपने कार्यालय में बुलाकर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
वहीं तपस्थली इंटर कॉलेज के शिक्षक दीप सिंह और देवनागरी इंटर कॉलेज कुरावली के शिक्षक हरनाथ सिंह के भौतिक विज्ञान विषय के वीडियो भी दूरदर्शन और स्वयंप्रभा चैनल के लिए चयनित किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने इन्हें भी सम्मानित किया। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि इन शिक्षकों ने जनपद का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विवेक कुमार सहित कार्यालय के सभी सदस्य उपस्थित रहे।