मैनपुरी। जिले के परिषदीय स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था के सुधार के लिए बीएसए ने प्रत्येक स्कूल के शिक्षकों को विद्यालय की 10-10 गतिविधियों पर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। ये प्लान जनपद स्तर पर जमा कराए जाएंगे। टॉप-10 विद्यालयों का चयन किया जाएगा और संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कोरोना संक्रमण के बीच परिषदीय स्कूलों में छात्र-छात्राओं के पहुंचने से शैक्षणिक गतिविधियों को दुरुस्त करने के लिए बीएसए ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी खंड शिक्षाधिकारियों के निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यालय की दस-दस गतिविधियों पर प्लान तैयार करें।
प्लान में मुख्य रूप से कोरोना महामारी के दौरान घर बैठे बच्चों को उचित शिक्षा कैसे दी जाए। बच्चों को कोरोना से कैसे बचाया जाए, विद्यालय में स्वच्छता के लिए कौन-कौन से उपाय किए जाएं, विद्यालय के भौतिक वातावरण को किस प्रकार से बेहतर बनाया जाए। कोरोना संकट के बीच किस प्रकार से परीक्षाओं का आयोजन हो आदि पर प्रकाश डालना होगा।
जनपद स्तर पर 10 विद्यालयों का होना है चयन
विद्यालयों से आने वाले प्लानों में से 10 बेहतर प्लान तैयार करने वाले 10 विद्यालयों का चयन किया जाएगा। इन विद्यालयों के शिक्षकों को जनपद स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा, जिससे अन्य विद्यालयों के शिक्षक भी भविष्य में बेहतर प्लान तैयार कर बच्चों के लिए शिक्षण कार्य में सहयोग कर सकें।
जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक योजना तैयार की गई। इस योजना का उद्देश्य शिक्षण गतिविधि के साथ ही विद्यालय की भौतिक व्यवस्थाओं को सुधारना है।
विजय प्रताप सिंह, बीएसए