25 जून से एक जुलाई तक चलने वाले सीए वीक में दि इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड एकाउंटेंट आफ इंडिया की आगरा शाखा ने शुक्रवार को टैक्स आडिट पर सेमीनार आयोजित किया। इसमें फार्म 3 सीडी, रिटर्न फाइल के साथ डिजिटल हस्ताक्षर और टैक्स आडिट के बारे में बताया गया।
सीए वीक का आगाज रंगोली प्रतियोगिता से हुआ। इसमें 35 छात्राओं के बीच बाजी मारी आकृति गुप्ता ने। उन्होंने क्लीन इंडिया थीम पर रंगोली बनाई। शुक्रवार को टैक्स आडिट पर सेमीनार में सीए प्रमोद सिंह चौहान, सीए दीपेंद्र मोहन, सीए ऊष्मा जैन ने बताया कि जिन कंपनियों का टर्न ओवर एक करोड़ रुपये से ज्यादा है और जिनकी व्यक्तिगत आय 25 लाख रुपये से ज्यादा है, उन्हें टैक्स आडिट कराना जरूरी है। न कराने पर सख्त दंड हैं। सीए राकेश अग्रवाल ने बताया कि सीए पाठ्यक्रम के लिए आडिट रिपोर्ट जरूरी है। किन बातों को ऑडिट में ध्यान में रखा जाए, हर छोटे से छोटा बिंदु सीखने की जरूरत है।
कार्यक्रम में सिकासा सदस्य रूपल गर्ग, श्रीवर्धन, रनप्रीत सिंह, शाहरुख आदिल, अपूर्वा अग्रवाल और शिखा गुप्ता मौजूद रहे।
सीए छात्रों के लिए लाइब्रेरी शुरू
आगरा। साकेत मॉल में सीए छात्रों के लिए लाइब्रेरी शुरू की गई है। शुक्रवार को लाइब्रेरी का उद्घाटन ब्रांच चेयरमैन सीए प्रमोद सिंह चौहान, सिकासा चेयरमैन सीए राकेश अग्रवाल, एस सी जैन ने किया। यह सुविधा सिकासा सदस्य शाहरुख आदिल के नेतृत्व में हुई।
एक जुलाई तक चलेंगे सीए वीक के कार्यक्रम
आगरा। सिकासा चेयरमैन ने बताया कि सीए वीक में रंगोली प्रतियोगिता के बाद पौधारोपण, रन फॉर एनवायरमेंट, स्वच्छ भारत अभियान, रक्तदान शिविर, चैरिटी प्रोग्राम, इंडोर गेम्स और यूथ फेस्ट होंगे। एक जुलाई को सुबह 11 से शाम 5 बजे तक अग्रवाल सेवा सदन में यूथ फेस्ट आयोजित किया जाएगा।