आगरा। राजा मुंशी सिंह गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजपुर चुंगी में मंगलवार को छात्राओं और उनके अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया। यहां पढ़ने वाली इंटर की करीब 25 छात्राओं का परिणाम नहीं आया है। सभी छात्राएं विज्ञान वर्ग की हैं। विद्यालय के पास इंटर में विज्ञान वर्ग की मान्यता नहीं है। दूसरे विद्यालय से पंजीकरण कराकर छात्राओं को परीक्षा दिलवाई जाती थी। शैक्षणिक सत्र 2019-20 में कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाली छात्राओं का अग्रिम पंजीकरण ही नहीं कराया गया था। छात्राओं ने दो वर्ष पढ़ाई की, अब परिणाम के समय पता चला कि उनका पंजीकरण ही नहीं हुआ था।
अभिभावक वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी विद्यालय में कक्षा छह से पढ़ रही थी। हाईस्कूल में उसने 82 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। उन्हें पता नहीं था कि विद्यालय के पास इंटर विज्ञान वर्ग की मान्यता नहीं है। इसी विद्यालय में कक्षा 11 में प्रवेश करा दिया गया। दो वर्ष पढ़ाया गया। फीस ली गई और परीक्षाएं कराई गई। परिणाम न आने पर विद्यालय में संपर्क किया गया था तो प्रबंधन की ओर से तरह-तरह की बातें बनाई जा रही हैं। बेटी का दो वर्ष बर्बाद कर दिया गया।
विद्यालय की छात्राओं की ओर से जिलाधिकारी से शिकायत की गई है। छात्राओं को शैक्षणिक सत्र 2020-21 में ही इंटर पास कराने की मांग की गई है। स्कूल प्रबंधन पर छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। साथ ही विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की मांग की गई है। गुंजन ठाकुर, कामिनी, माधुरी, मीना, विधि, मोनिका, मोहिनी, नेहा, निशा, प्रिया उपाध्याय आदि छात्राओं की ओर से शिकायत की गई है।
विद्यालय के पास इंटर विज्ञान वर्ग की मान्यता नहीं है। विद्यालय की लिपिक की ओर से विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों का पंजीकरण कक्षा 11 में किसी दूसरे स्कूल में कराया जाता था। सत्र 2019-20 में लिपिक ने विद्यार्थियों का पंजीकरण नहीं कराया। अब विद्यार्थियों का परिणाम रुकने पर हकीकत सामने आई है। लिपिक के खिलाफ एफआईआर कराया जाएगा। - ऋषि कंसाना, प्रबंधक
अभी मेरे पास शिकायत पहुंची नहीं है। यदि विद्यालय में विद्यार्थियों को बिना मान्यता के पढ़ाया गया है, तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - मनोज कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक