आगरा के जगनेर क़स्बा के बसेड़ी रोड पर सोमवार सुबह टाटा मैजिक टायर फटने के बाद पलट गया। घटना में चार महिलाओं सहित करीब 8 लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को सीएचसी जगनेर भेजा गया है।
विज्ञापन
राजस्थान के बाड़ी क्षेत्र से टाटा मैजिक गाड़ी से कुछ लोग जगनेर क्षेत्र के गांव नगला भुम्मा में अपनी रिश्तेदारी में गमी में शरीक होने जा रहे थे। जगनेर क़स्बा के बसेड़ी रोड पर सुरेश चन्द शर्मा डिग्री कॉलेज के समीप टाटा मैजिक गाड़ी का आगे का पहिया अचानक फट गया, जिसके बाद अनियंत्रित टाटा मैजिक सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। घटना के बाद वहां से गुजर रहे गांव मेवली निवासी रामू परमार, रवि परिहार ने टाटा मैजिक गाड़ी के नीचे से घायलों को बाहर निकाला। सूचना के बाद थाना जगनेर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। गम्भीर घायलों को सीएचसी जगनेर भिजवाया गया है।