आगरा। फतेहाबाद रोड पर नमामि गंगे योजना के तहत चल रही खुदाई के कारण लग रहे जाम को देखते हुए यूपीएमआरसी ने मौका भुनाया है। आगरा मेट्रो के अधिकारियों ने लोगों से जाम से बचने के लिए मेट्रो का सफर करने की अपील की है और इसके लिए किराया सूची भी जारी की है। आगरा मेट्रो के जरिए बिजलीघर स्थित मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन से ताज ईस्ट गेट स्टेशन जाने पर 20 रुपये का किराया अदा करना होगा। एक स्टेशन तक 10 रुपये, दो स्टेशन तक 15 रुपये और तीन से 6 स्टेशन तक यात्रा का किराया केवल 20 रुपये रखा गया है।
मेट्रो के पीआरओ पंचानन मिश्रा ने बताया कि यदि यात्री मन:कामेश्वर (बिजली घर) मेट्रो स्टेशन से ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन, कैप्टन शुभम गुप्ता मेट्रो स्टेशन या फतेहाबाद रोड मेट्रो स्टेशन तक यात्रा करते हैं तो उन्हें केवल 20 रुपये किराया देना होगा। एक स्टेशन यानी मन:कामेश्वर से आगरा फोर्ट (डॉ. आंबेडकर चौक) मेट्रो स्टेशन तक यात्रा करने पर यात्रियों को केवल 10 रुपये देने होंगे। इसके अलावा ताज ईस्ट गेट स्टेशन से मन:कामेश्वर, डॉ. आंबेडकर चौक और ताज महल स्टेशन तक यात्रा करने पर 20 रुपये किराया लगेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए किराया ग्रिड भी जारी किया गया है, जिससे लोग आसानी से अपने सफर का किराया समझ सकते हैं।