जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें
- पर्यटन मंत्री ने ट्रांजिट हॉस्टल में जन समस्याएं सुनीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को ट्रांजिट हॉस्टल में जन समस्याएं सुनीं। अधिकारियों से कहा कि सार्वजनिक भूमि, चकरोड पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। राजस्व विभाग मौके पर पैमाइश कराकर तत्काल कब्जा हटवाए। पैमाइश में किसी के साथ पक्षपात न किया जाए।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निदान करें। किसान को खाद, बीज, डीएपी के लिए परेशानी नहीं हो। खाद, बीज विक्रेता ओवररेटिंग न करें। किसानों को निर्धारित मात्रा, निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं। ठलौआपुर के सुभाष ने सीसी रोड बनवाने, अटा के निवेश ने नलकूप लगवाने, ज्योति रोड निवासी रंजीत ने सीसी रोड तथा नाली का निर्माण कराने की मांग की।
ग्राम खिरिया के रंजीत ने गांव में बरातघर बनवाने, गढि़या की सुशीला देवी ने विधवा पेंशन को चालू कराने, कनिकपुर के राम कुमार, करहल की रचना ने मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अजय सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, उदय चौहान, अर्जुन सिंह, लालू जादौन, सर्वेश कुमार मौजूद रहे।