आगरा में रविवार की छुट्टी पर ताजमहल देखने के लिए 40 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे। एएसआई के मुताबिक, 29,880 लोगों ने टिकट खरीदे, जबकि 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का प्रवेश निशुल्क होने से कुल संख्या 40 हजार के पार पहुंच गई।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
रविवार की छुट्टी पर ताजमहल का आकर्षण एक बार फिर सातवें आसमान पर नजर आया। सुबह की पहली किरण के साथ ही मोहब्बत की इस बेमिसाल निशानी को निहारने के लिए देश-विदेश से आए सैलानियों का सैलाब उमड़ पड़ा। दिनभर में 40 हजार से अधिक पर्यटकों ने संगमरमरी हुस्न का दीदार किया, जिससे ताज के दोनों प्रवेश द्वारों पर सुबह से शाम तक मेले जैसा माहौल बना रहा।
विज्ञापन
स्कूलों की छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में बच्चे भी अपने शिक्षकों और परिजन के साथ ताज की भव्यता को देखने पहुंचे। बच्चों की खिलखिलाहट और पर्यटकों के उत्साह से स्मारक परिसर गुलजार रहा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को 29,880 सैलानियों ने टिकट खरीदकर स्मारक में प्रवेश किया, जबकि 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों का प्रवेश निशुल्क होने के कारण पर्यटकों का यह आंकड़ा 40 हजार के पार पहुंच गया।
सैलानियों की भारी आमद का असर यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। पर्यटकों के वाहनों की संख्या बढ़ने से पश्चिमी गेट की पार्किंग पूरी तरह फुल हो गई, जिसके बाद दूर-दराज से आए कई सैलानियों को अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर पैदल ही ताज का दीदार करने जाना पड़ा। इसके बावजूद पर्यटकों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और हर कोई ताज की खूबसूरती को अपने कैमरे और यादों में कैद करता नजर आया। संवाद
विज्ञापन
पर्यटकों की सुरक्षा के लिए लगी अतिरिक्त पुलिस
सर्दी की शुरुआत के साथ ताजमहल, किला देखने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो रही है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 50 हजार पर्यटक आ रहे हैं। इसे देखते हुए थाना पर्यटन एवं ताज सुरक्षा पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। विशेष अभियान चलाकर अवैध गाइड, लपकों एवं अनधिकृत हॉकरों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जा रही है। पिछले 3 माह में लगभग 400 लपकों व असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जा चुकी है। ब्यूरो