आगरा एप्रूव्ड गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष शमशुद्दीन ने बताया कि आगरा में किसी भी ग्रुप ने अब तक कोई बुकिंग कैंसिल नहीं कराई है। मार्च में जो टूर ग्रुप आ रहे हैं, वह पूछताछ तक नहीं कर रहे। दुनिया भर में आतंक के खिलाफ ऐसे अभियान चलते रहते हैं। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूद तनाव भरे हालात से पर्यटक चिंतित नहीं हैं।
टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा के महासचिव राजीव सक्सेना ने बताया कि विदेशी पर्यटकों को एयर स्ट्राइक की जानकारी नहीं है। ज्यादातर अपने गाइड के संपर्क में रहते हैं और गाइड उन्हें चिंता न करने का भरोसा दे रहे हैं। अभी तक न तो किसी ग्रुप ने पूछताछ की है और न ही कोई बुकिंग कैंसिल की गई है।
विदेशी पर्यटक मानते हैं कि भारत बड़ा देश है और ऐसे एंटी टेरर अभियान बार्डर एरिया पर चलते रहते हैं। आगरा, दिल्ली, जयपुर, वाराणसी जैसे शहरों में घूमने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं। पर्यटक विंसेंट रूज ने कहा कि पूरी दुनिया आतंक से जूझ रही है। लंदन हो या बार्सिलोना या अमेरिका, आतंक हर जगह से खत्म होना चाहिए। आतंक के खिलाफ लड़ाई में हर देश को साथ देना चाहिए।
जिविलिया रिगेलो ने कहा कि हमने टीवी पर एयर स्ट्राइक के बारे में जाना। अपने दूतावास से संपर्क कर हमने हालात के बारे में पूछा था, लेकिन बताया गया कि डरने की कोई बात नहीं। स्गेंसी ब्रास ने कहा कि हर देश को एंटी टेरर अभियान चलाने का हक है। आतंक मानवता के लिए खतरा है। इसे दुनिया से मिटाना होगा। भारत और पाकिस्तान को युद्ध से बचना चाहिए।