ताज महोत्सव के मंच पर उपमुख्यमंत्री व अन्य लोग
'पुलवामा हमले में हमने अपने शहीद जवानों का बदला 10 गुना आतंकी मारकर लिया है। एक के बदले 10 को मारा है। यह नया भारत है। किसी ने हिमाकत की तो घर में घुसकर मारने का जज्बा रखता है। उम्मीद है कि पाकिस्तान सबक सीखेगा और आतंक के खिलाफ सहयोग करेगा।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने ताज महोत्सव के समापन के बाद यह कहा। वो बुधवार शाम को 10 दिवसीय ताज महोत्सव का समापन करने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और शक्तिशाली बनकर शत्रु को परास्त करे, ऐसी उनकी कामना है। भारत किसी से युद्ध नहीं चाहता, लेकिन हिमाकत करने वालों को घर में घुसकर मारेगा। पाकिस्तान को अपनी गलती का एहसास होगा।
तीन दिन के लिए बढ़ाया शिल्प मेला, टिकट 20 रुपये
उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने ताज महोत्सव के समापन के बाद शिल्पियों की मांग पर शिल्प मेले को तीन दिन के लिए बढ़ाने की घोषणा की। दो मार्च तक शिल्प मेले में 20 रुपये प्रवेश शुल्क रहेगा। उन्होंने ताज महोत्सव में सबसे ज्यादा बिक्री करने वाले शिल्पियों को सम्मानित किया।
आंध्र प्रदेश के काष्ठ कला शिल्पी पी. डोरास्वामी को उत्कृष्ट शिल्प के लिए सम्मानित किया, वहीं सबसे ज्यादा बिक्री करने वाले फुलकारी शिल्प के अमित कुमार को पुरस्कृत किया गया। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार अयोध्या में दिवाली और बरसाना में होली उत्सव को प्रोत्साहित कर रही है।
समापन पर विधायक जगन प्रसाद गर्ग, महेश गोयल, कमिश्नर अनिल कुमार, डीएम एनजी रवि कुमार, एसएसपी अमित पाठक, एडीएम सिटी केपी सिंह और उपनिदेशक पर्यटन अमित कुमार मौजूद रहे।