आगरा। तिरुपति स्पोर्ट्स अकादमी में अंतर महाविद्यालयीय तैराकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें डाॅ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध 8 महाविद्यालयों ने प्रतिभाग किया। आरबीएस कॉलेज, सेंट जोंस कॉलेज, एके कॉलेज शिकोहाबाद, केआर कॉलेज मथुरा, कृष्णा अकादमी, देव कॉलेज छलेसर कैंपस आगरा आदि के खिलाड़ियों के शानदार मुकाबले देखने को मिले।
पर्यवेक्षक डॉ. अनिल कुमार, चयनकर्ता डॉ. हेमराज एवं डॉ. राकेश कुमार, डॉ. दलबीर सिंह कौन्तेय ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। 50 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 50 मीटर बैक स्ट्रोक, 50 मीटर बटरफ्लाई एवं ब्रेस्ट स्टॉक में ट्रायल हुए। विश्वविद्यालय खेलकूद विभाग के निदेशक डॉ. अखिलेश चंद सक्सेना ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। विजेताओं को मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक राजेश गुप्ता, मनीष सिंह, अमर अवस्थी, मोहम्मद यामीन रहे। आयोजन सचिव डॉ. रुचि श्रीवास्तव ने बताया कि चयनित खिलाड़ी अखिल भारतीय विश्वविद्यालय तैराकी प्रतियोगिता (18 से 23 दिसंबर, एसआर एम यूनिवर्सिटी चेन्नई) में प्रतिभाग करेंगे। संवाद