आगरा। धनतेरस से आधी-अधूरी तैयारी के साथ पटाखे बाजार लगना शुरू हो गए है। सात स्थानों पर पटाखों का अस्थाई बाजार लगाया जाएगा। इन स्थानों पर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे।
जीआईसी मैदान पर शनिवार दोपहर तक 26 दुकानों के टीन शेड लग चुके थे, जबकि चार दुकानों पर पटाखे बेचे जाना शुरू हो गया। यहां पर सुरक्षा के मद्देनजर कोई भी दमकल का वाहन नहीं था। पटाखों की दुकानों के आगे खाली ड्रम रखे थे लेकिन उनमें बालू नहीं थी। ऐसे में कोई आग लगने की घटना होती है, तो उसे काबू करना आसान नहीं होगा। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि इस बार 7 स्थलों पर 23 अक्तूबर तक पटाखों की बिक्री होगी। मेहताब बाग पार्किंग के सामने खुले मैदान में 80, जीआईसी मैदान पर 25, सेक्टर 11 व 15 के पार्कों में 50, बैप्टिस्ट हायर सेकंड्री स्कूल के मैदान में 10, कंपनी गार्डन में 17, शक्ति नगर मैदान में 10 और यमुना किनारा पार्क में 16 दुकानें लगेंगी। रविवार सुबह तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
इन नियमों का करना होगा पालन
हरित आतिशबाजी व पटाखों की बिक्री करेंगे।
एक दुकान पर 50 किग्रा से अधिक आतिशबाजी का भंडारण नहीं होगा।
ड्राई पाउडर केमिकल, अग्निशमन सिलिंडर क्षमता 10 किग्रा, 200 लीटर पानी का एक ड्रम, बालू की बाल्टी रखे।
एक दुकान से दूसरी दुकान की दूरी कम से कम 10 फीट रहेगी।
लेजर पिकोक और झरना पटाखा लोगों की पसंद
पटाखा विक्रेता राज कुशवाह ने बताया कि इस बार ग्रीन पटाखों की मांग बढ़ी है। लोगों की पहली मांग लेजर पिकोक और झरना पटाखों की है। इसके अलावा आसमानी रोशनी के संग मध्यम आवाज वाले पटाखों की है।