डौकी के सती माता मंदिर परिसर में सभा को संबोधित कर रहे थे
माई सिटी रिपोर्टर
आगरा।
राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को शुक्रवार को फतेहाबाद में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। डौकी के सती माता मंदिर परिसर में आयोजित सभा के दौरान एक युवक ने मंच पर जूता फेंक कर मारा। इससे अफरातफरी मच गई। युवक को हिरासत में ले लिया गया। पूर्व मंत्री सभा बीच में छोड़कर चले गए।
फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के उम्मीदवार होतम सिंह निषाद मैदान में हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य अपने काफिले के साथ फतेहाबाद पहुंचे। यहां फतेहाबाद चौराहे के पास अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को रोककर जमकर हंगामा किया। काले झंडे दिखाए और उनकी गाड़ी पर स्याही भी फेंक दी। पुलिसकर्मियों ने लाठियां बांधकर कार्यकर्ताओं को खदेड़ा और उनके काफिले को सभा स्थल तक भेजा।
डौकी में सभा शुरू होते ही भीड़ में अग्रिम पंक्ति में बैठा युवक उठा और उसने अपना जूता मंच की तरफ उछाल दिया। जूता माइक के पास लगे रिकॉर्डिंग स्टैंड से टकरा गया। युवक की हरकत से सभा में अपरातफरी मच गई। पुलिस ने युवक को तत्काल ही हिरासत में ले लिया। आरोपी युवक भी हिंदू महासभा का कार्यकर्ता है। इस घटना के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य सभा बीच में छोड़कर चले गए।
महासभा के राष्ट्रीय सचिव संजय जाट का कहना है कि स्वामी प्रसाद मौर्य के हिंदू धर्म विरोधी बयानों को लेकर विरोध करते हैं। कार्यकर्ताओं ने उनका फतेहाबाद में जोरदार विरोध किया था।