आगरा। आजादी के अमृत महोत्सव की कड़ी में आयुष मंत्रालय के ‘सूर्य नमस्कार जीवन शक्ति का आधार’ कार्यक्रम के दयालबाग शिक्षण संस्थान (डीईआई) में शुक्रवार को सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। एनसीसी कैडेटों ने संस्थान के व्यायामशाला स्थित मैदान पर पूरे जोश से सूर्य नमस्कार किया। आयुष मंत्रालय की ओर से पंजीकृत कैडेटों को ई-प्रमाणपत्र भी दिया।
कार्यक्रम में 45 कैडेटों ने हिस्सा लिया। कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट मनीष कुमार ने निर्देशन में कैडेटों ने मंत्रोच्चारण के साथ सूर्य नमस्कार किया। मनीष कुमार ने कैडेटों को सूर्य नमस्कार से होने वाले लाभ बताए। कहा कि सूर्य नमस्कार करने से शरीर को रोग मुक्त बनाया जा सकता है। साथ ही सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। सूर्य नमस्कार को अपनी दिनचर्या में जोड़ना चाहिए। कार्यक्रम का नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर वंश सोलंकी ने किया। जूनियर अंडर ऑफिसर राहुल शर्मा, अंडर ऑफिसर संजना यादव, खुशबू मल्होत्रा, सुमिरन सिन्हा, अंडर ऑफिसर अनिल कुमार, सार्जेंट तुषार उपाध्याय, सनी गौतम, शिवकांत, अमन सिंह, जय सिंह ने योगदान दिया।
माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को घर पर रहते हुए योग किया। माध्यमिक शिक्षा विभाग को जिले में 1.80 विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य दिया गया है। यह लक्ष्य 20 जनवरी तक पूरा करना है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार की ओर से प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिले में दो समन्वयक बनाए गए हैं। ये विद्यालयों के साथ समन्वयक स्थापित कर योग के लिए पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थियों की रिपोर्ट प्राप्त करेंगे।