आगरा के फतेहपुर सीकरी में चादर चढ़ाने के नाम पर पर्यटकों से रुपये झटकने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को भी ऐसा ही एक मामला देखने को मिला, जिसमें लपका ने कानपुर के पर्यटक से 100 रुपये की चादर की 2100 रुपये झटक लिए। एएसआई अधिकारी से शिकायत के बाद लपका ने पीड़ित को रुपये वापस किए।
कानपुर निवासी अंकित वर्मा अपराह्न बाइक से महिला मित्र के साथ फतेहपुर सीकरी के स्मारक देखने पहुंचे। बाइपास मोड़ पर उन्हें एक लपका मिला। उसने सौ रुपये में स्मारकों को दिखाने की बात कही। दरगाह पर उसने पर्यटक को दुकानदार से 100 रुपये की चादर के 2100 दिलवाए। पीड़ित जब दरगाह से लौटा तो उसे ठगे जाने का भान हुआ। उसने जोधाबाई पार्किंग पर एएसआई कमांडर नागेंद्र सिंह से शिकायत की। उन्होंने तुरंत दुकानदार से पर्यटक को रुपये वापस कराए। इस दौरान लपका वहां से फरार हो चुका था। पर्यटक ने संरक्षण सहायक को पत्र लिखकर शिकयत की है।
एसडीएम से की गुलिस्तां कॉम्प्लेक्स में अवैध गाइड बैठाने की शिकायत
गुलिस्तां वाहन पार्किंग में अवैध गाइड बैठाने की शिकायत यूपी पर्यटन के राज्य स्तरीय गाइडों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर की है। उन्होंने शुक्रवार को हुई बैठकर में पार्किंग प्रबंधक पर सांठगांठ का आरोप लगाया है।
यूपी पर्यटन के राज्य स्तरीय गाइड अनुज कुमार, सतीश कुमार, जितेंद्र सिंह और नौशाद कुरैशी ने एसडीएम अनिल कुमार सिंह को शिकायती पत्र के माध्यम से पार्किंग प्रबंधक पर सांठगांठ कर अवैध गाइडों को वहां बैठाए जाने की बात कही है। पत्र में बताया कि इससे वहां तनाव की स्थिति रहती है। गुलिस्तां टूरिस्ट कॉम्प्लक्स के प्रबंधक मुकुल गुप्ता को भी शिकायती पत्र दिया गया है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि इस मामले में जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है।