आगरा। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन को उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) की एपेक्स काउंसिल का सदस्य बनाया गया है। साथ ही आगरा के अनीश राजपूत क्रिकेट डेवलपमेंट कमेटी में और हारुन रशीद दिव्यांग क्रिकेट समिति के सदस्य बने हैं। इससे शहर के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
बृहस्पतिवार को कानपुर में आयोजित उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में यह निर्णय लिया गया। सुनील जोशन वर्ष 2022 से डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। वह जाने-माने जूता निर्यातक हैं। एफमेक (फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर) के सचिव और कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वहीं अनीश राजपूत अमरपुरा, बिचपुरी-बोड़ला रोड निवासी हैं। हारुन रशीद कारगिल चौराहा स्थित पुष्पांजलि कॉम्प्लेक्स में रहते हैं। नियुक्ति के बाद सुनील जोशन का कहना है कि आगरा क्रिकेट के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में उनका काम और तेजी से आगे बढ़ेगा। राजेश सहगल, लोकेंद्र चाहर, सर्वेश भटनागर दया राजपूत, मनोज कुशवाह आदि ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में आगरा के खिलाड़ी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। संवाद