कासगंज में जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में जिलाधिकारी के समक्ष बजट प्रस्ताव रखते अपर मुख्य अधिकार?
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जिला पंचायत के प्रशासक के रूप में जिलाधिकारी सीपी सिंह ने पहली जिला पंचायत की बोर्ड बैठक ली। इस बोर्ड बैठक में प्रशासक के रूप में डीएम ने तल्ख तेवर दिखाए। जिला पंचायत के निर्माण कार्यों की अच्छी गुणवत्ता न होने पर उन्होंने चेतावनी के स्वर में कहा कि जो निर्माण कार्य मानक और गुणवत्ता के साथ नहीं होंगे, अधोमानक पाए जाएंगे उन्हें श्रमदान घोषित कर दिया जाएगा।
जिला पंचायत के सभागार में मंगलवार दोपहर यह बैठक संपन्न हुई। इसमें विधायक सदर देवेंद्र सिंह राजपूत, विधायक अमांपुर देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक पटियाली ममतेश शाक्य, सीडीओ तेज प्रताप मिश्र मौजूद रहे। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी उज्जवल अंबेश ने वर्ष 2021-22 के लिए 19.2048 करोड़ का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया। जिले की 20951 लाख रुपये की जिला योजना को अनुमोदित किया गया। इसके अतिरिक्त मनरेगा योजना के अंतर्गत जनपद में 3190320 मानव दिवस सृजन पर 1068.57 लाख रुपये व्यय का प्रावधान है, जिसे अनुमोदित किया गया।
इसके अतिरिक्त बैठक में जिला पंचायत को राज्य वित्त आयोग एवं केन्द्रीय वित्त आयोग से प्राप्त होने वाले अनुदान के सापेक्ष कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। डीएम ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिये कि जो भी निर्माण कार्य किए जाएं वह पूर्ण मानक और गुणवत्ता के साथ पूर्ण होना चाहिए। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जो निर्माण कार्य मानक और गुणवत्ता के साथ नहीं किए जाएंगे तो उन्हें श्रमदान घोषित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों में जो सड़कें अवशेष रह गई हैं, उन्हें वरीयता के क्रम में पूर्ण कराएं। जल निकासी हेतु नालों तथा सड़कों के निर्माण हेतु प्रस्ताव ले लिए जाएं।