ताजनगरी में थाने में बुलाकर दरोगा ने पीड़ित को ही एनकाउंटर करने की धमकी दी। उससे दो लाख रुपये भी मांगे। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त ने जांच के आदेश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के आगरा में दरोगा ने थाने में बुलाकर पीड़ित को ही प्रताड़ित किया। यही नहीं एनकाउंटर की भी धमकी दी। दो लाख रुपये की मांग की। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। पुलिस आयुक्त ने सदर के सहायक पुलिस आयुक्त को जांच सौंपी है।
विज्ञापन
पीड़ित अनिल शर्मा ने अपने शिकायती पत्र में कहा कि वह शमसाबाद थाना क्षेत्र के बाकलपुर गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह ताजगंज थाना क्षेत्र के कहरई मोड़ में रह रहे हैं। उन्होंने ताजगंज थाना के एक दरोगा की शिकायत पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड़ से की है।
कहा कि 10 महीने पहले उन्हें घर में घुसकर एक व्यक्ति ने धमकाया था। इस मामले में ताजगंज थाना में केस दर्ज कराया। मगर, अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी है। कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस आयुक्त से शिकायत करने पर दरोगा अनुज चौधरी ने उन्हें 9 जून को थाने पर बुलाया।
विज्ञापन
कहा कि वह विवेचक हैं। धमकाया, जबरन थाने के पीछे के कमरे में बैठाकर मोबाइल खुलवाकर कॉल डिटेल चेक की। एनकाउंटर करने की बात कही। जेल में सड़ा देने की बात कहते रहे। इसके बाद 2 लाख रुपये की मांग की। एसीपी सदर पियूष कांत राय ने बताया कि जांच की जा रही है। साक्ष्य देखकर कार्रवाई की जाएगी।