यूक्रेन से लौटे मेडिकल छात्रों की पढ़ाई अधर में फंस गई है। जिससे उन्हें अपने भविष्य की चिंता सता रही है। एटा के मेडिकल छात्रों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर स्थानीय मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलाने की मांग की है।
रूस के हमले के बाद यूक्रेन से लौटकर आए एटा के मेडिकल छात्रों ने स्थानीय मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की मांग की है। सोमवार को इन छात्रों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
विज्ञापन
छात्रों ने सबसे पहले युद्ध के बीच से उन्हें यूक्रेन से भारत सुरक्षित लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है। ज्ञापन में कहा है कि हम लोग यूक्रेन में मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। लेकिन युद्ध होने के कारण पढ़ाई बीच में छोड़कर लौटना पड़ा।
यूक्रेन सरकार कर रही यह पेशकश
जिसके चलते हमें अपना भविष्य अंधकारमय प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि यूक्रेन सरकार हमें ऑनलाइन माध्यम से पाठ्यक्रम पूरा कराने की पेशकश कर रही है। लेकिन इस तरह हम प्रैक्टिकल और क्लीनिकल अध्ययन से वंचित रह जाएंगे।
छात्रों ने मांग की है कि स्थानीय मेडिकल कॉलेजों में हमें प्रवेश देकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करते हुए मेडिकल की पढ़ाई पूरी कराई जाए। इस दौरान मेडिकल के छात्र रविराज यादव, करनेश कुमार, अभिषेक कुशवाह, शिवम राजपूत मौजूद थे। ये सभी छात्र यूक्रेन से लौटे हैं।