फिरोजाबाद में निकाह के एक साल बाद दहेज की मांग को लेकर पति ने पत्नी को तलाक, तलाक, तलाक कहकर घर से निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि ससुरालवालों ने उसकी पिटाई भी की। पीड़िता के पास दो माह की एक बच्ची भी है। उसके भाई ने बहनाई सहित ससुराल के लोगों के खिलाफ थाना खैरगढ़ में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है।
हिना नाम की युवती का निकाह एक मार्च 2021 को एटा जिले के गांव गुंदाऊ निवासी हसनैन के साथ हुआ था। पीड़िता के भाई कस्बा खैरगढ़ निवासी शाकिर अली ने बताया कि निकाह के दौरान करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बाद भी ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन का उत्पीड़न करते थे।
26 मार्च को ससुरालवालों ने पीटा
इस संबंध में बहन ने कई बार शिकायत भी की थी। हर बार पंचायत कर मामले को खत्म कर दिया जाता था। 26 मार्च को बहन को ससुरालवालों ने पीटा। पति हसनैन ने हिना को तलाक, तलाक, तलाक बोलकर तीन तलाक दे दिया। पति द्वारा तलाक दिए जाने और घर से निकाले जाने की जानकारी बहन ने मायकेवालों को दी।
थानाध्यक्ष खैरगढ़ विनय कुमार भारद्वाज का कहना है कि पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी पति हसनैन हसन, ससुर मोहम्मद हसन, सास, दो ननद, चचिया ससुर अमीर हसन, एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश के साथ ही मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।