डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में शुक्रवार को मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (एमएमसी) के छात्रों ने प्रदर्शन किया। परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन देकर तत्काल डिग्री दिलाने की मांग की। छात्रों को सत्र 2018-20 की डिग्री अभी तक नहीं मिल सकी है। ऐसा तब है जब विश्वविद्यालय प्रशासन वर्ष 2015 से 2020 तक की डिग्रियों का वितरण करने के लिए तीन बार अभियान चला चुका है।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर स्थित कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी हिंदी व भाषा विज्ञान विद्यापीठ (केएमआई) के एमएमसी के छात्रों का कहना है कि डिग्री न होने से वह नौकरी के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। निदेशक से मिलने के बाद भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। डिग्री जल्द नहीं दिलाई गई तो वो घरने पर बैठेंगे। एमएमसी के छात्र आशीष प्रिंस के नेतृत्व में विपिन सिंह, दिव्या त्यागी, सुगंधा वर्मा, आभा गौतम, सचिन गोयल, कुलदीप कुमार, नीलू, अभिषेक त्रिपाठी, अरिहंत जैन, अतुल, आकाश आदि प्रदर्शन में शामिल रहे।
एजेंसी से मांगी गई जानकारी
केएमआई के निदेशक व विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर का कहना है कि डिग्री के संबंध में एजेंसी में बात की गई है। उनसे पूछा गया है कि विश्वविद्यालय को कौन-कौन सी डिग्री नहीं भेजी गई है और क्या वजह है। सोमवार को डिग्री के संबंध में परीक्षा नियंत्रक को भी पत्र भेजा जाएगा।