बाह(आगरा)। नोट्स फाड़ने के विवाद में बृहस्पतिवार को एक ही कक्षा की दो छात्राएं भिड़ गईं। घूंसा मारे जाने से बेहोश हुई एक छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। छात्रा के परिजन ने शिक्षिका पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
बाह के एक गांव निवासी युवती आशाराम रामनिवास आदर्श इंटर कॉलेज में 10वीं की छात्रा है। पीड़ित छात्रा के पिता ने बताया कि 9 अक्तूबर को बेटी से साथी छात्रा ने नोट्स मांगे थे। उसने मना कर दिया और जब पानी पीने गई तो छात्रा ने उसके बैग से नोट्स निकाल कर पन्ने फाड़ दिए। पन्ने फटे देख कर बेटी ने विरोध किया तो विवाद हो गया।
आरोप है कि छात्रा ने उसको घूंसा मार दिया। सीने में दर्द उठने पर बेटी ने महिला क्लास टीचर से शिकायत की। आरोप है कि शिक्षिका ने भी उसे थप्पड़ मार दिया। सीने में दर्द की वजह से वह गिरकर बेहोश हो गई। कॉलेज से फोन आने पर वह बेटी को लेकर अस्पताल पहुंचे। फतेहाबाद में दो दिन आईसीयू में रखे जाने के बाद 12 अक्तूबर को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रधानाचार्य विनोद कुमार दीक्षित ने बताया कि दो छात्राओं ने आपस में मारपीट की थी। शिक्षिका ने दोनों को डांटा था। थप्पड़ मारने का आरोप निराधार है। बाह पुलिस प्रार्थनापत्र पर जांच में जुटी है। शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने भी पुलिस से मिलकर घटनाक्रम की सच्चाई बताई है। संवाद
-
वर्जन-
कक्षा में दो छात्राओं के बीच झगड़ा हुआ है। शिक्षिका के दोनों को डांटने की बात सामने आई है। पुलिस जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी। - जितेंद्र कुमार, एसीपी बाह