आगरा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर पहुंच रहे हैं। मतदाताओं को गणना फॉर्म बांटे जा रहे हैं। भरे हुए फॉर्म एकत्र किए जा रहे हैं लेकिन यदि किसी मतदाता ने फॉर्म अधूरा भरा है तो भी घबराने की जरूरत नहीं। उस मतदाता का नाम सूची से नहीं हटेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने शनिवार को फॉर्म वितरण और संकलन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मतदाता को गणना फॉर्म पर नाम, पता, जन्मतिथि जैसी सामान्य सूचनाएं भरना और हस्ताक्षर करना अनिवार्य है। जिन मतदाताओं के हस्ताक्षर किए फॉर्म बीएलओ को प्राप्त हो जाएंगे। उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल होंगे। समय पर फॉर्म भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं। अंतिम तिथि 4 दिसंबर है।
अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करें। फॉर्म में नया फोटो लगाएं। एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध बनाना है। ताकि कोई भी भारतीय नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बीएलओ और सुपरवाइजर को प्रत्येक मतदाता के घर-घर जाकर फॉर्म वितरण और संकलन के निर्देश दिए हैं। डीएम ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और बीएलओ, सुपरवाइजर सक्रिय रूप से इस कार्य में जुटे हुए हैं। मतदाता आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in से भी गणना प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
भूलकर भी नहीं भरें गलत सूचना
- गणना फॉर्म में मतदाता भूलकर भी गलत सूचना नहीं भरे। यदि कोई सूचना के बारे में जानकारी नहीं हो तो उस कॉलम को खाली छोड़ सकते हैं। हस्ताक्षर जरूर करें। फॉर्म में सिर्फ सत्य सूचनाएं भरीं जाएं। यदि कोई मतदाता घर पर नहीं है तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य सभी मतदाता सदस्यों की जानकारी भरकर हस्ताक्षर सहित फॉर्म बीएलओ को दे सकता है।
जिन मतदाताओं के हस्ताक्षरित फॉर्म बीएलओ को प्राप्त हो जाएंगे, उनके नाम आगामी मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इस मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसंबर 2025 को होगा। फॉर्म भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराना जरूरी है। गलत सूचनाएं भरने पर जुर्माना व कारावास से दंडनीय भी हो सकता है।
36 लाख से अधिक मतदाता, 3696 बीएलओ
- 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में 36 लाख से अधिक मतदाताओं के फॉर्म भरवाए जाएंगे। इस कार्य में 3696 बीएलओ व 370 सुपरवाइजर जुटे हुए हैं। 9 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। जिन पर दावे और आपत्तियां 8 जनवरी तक स्वीकार की जाएंगी। सात फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।