आगरा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार को शुरू हुए दूसरे टेस्ट मैच में आगरा के ध्रुव जुरेल को एक खास भूमिका मिली है। टीम इंडिया ने ऋषभ पंत को विकेटकीपर के तौर पर उतारने के बावजूद ध्रुव को बतौर स्पेशलिस्ट बल्लेबाज टीम में शामिल किया है। ध्रुव के प्रशंसकों को उनसे विस्फोटक बल्लेबाजी की आस है।
पूर्व वरिष्ठ चयनकर्ता बल्देव भटनागर ने कहा कि यह फैसला ध्रुव के कॅरिअर के लिए नए दरवाजे खोल सकता है। उन्हें लंबे समय बाद अपनी बल्लेबाजी की क्षमता को बड़े मंच पर साबित करने का मौका मिला है। टीम ने ध्रुव को बल्लेबाज के रूप में चुना है, यह उनके कौशल पर बड़े भरोसे का संकेत है। ध्रुव इस मौके को अपने हाथ से जाने नहीं देंगे।
पूर्व क्रिकेटर नवीन गोस्वामी ने कहा कि यह मैच ध्रुव के कॅरिअर का टर्निंग पॉइंट बन सकता है। यदि वह इस मौके पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो टीम इंडिया में बतौर बल्लेबाज उनकी जगह और पक्की हो जाएगी।