आवारा पशुओं को पकड़ने गई नगर निगम की टीम पर पथराव
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के यमुनापार के इंद्रा ज्योति नगर में बुजुर्ग महिला का पेट सींगों से फाड़ देने के हादसे के बाद नगर निगम ने शनिवार को क्षेत्र में छुट्टा पशुओं को पकड़ने के लिए टीम भेजी। नगर निगम की टीम ने सुशील नगर में जैसे ही अभियान शुरू किया, वैसे ही महिलाओं ने हंगामा करते हुए पथराव कर दिया। पथराव में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। निगम कर्मचारियों को चोटें आई हैं। पशुपालकों ने इस पथराव में बच्चों और महिलाओं को आगे कर दिया।
शनिवार को यमुनापार के सुशील नगर में नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में कर्मचारी पशुओं को पकड़ने पहुंचे। यहां निगम के 4 कैटल कैचर काम कर रहे थे। सड़कों पर घूम रहीं गायों को जैसे ही पकड़ कर ट्रक में भरना शुरू किया, वहां बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे हाथों में डंडे लेकर पहुंच गए।
महिलाओं ने नगर निगम के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। गायों को ट्रक से उतारने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान महिलाओं में हाथों में ईंट-पत्थर उठा लिए और पथराव शुरू कर दिया। इससे ट्रकों के शीशे टूट गए। मामला गरमाते देख कर्मचारियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
विरोध के बावजूद नगर निगम के कर्मचारियों ने क्षेत्र से करीब 60 गाय और सांडों को पकड़कर गोशाला पहुंचाया। शनिवार को वार्ड 66 के पार्षद अरविंद मथुरिया भी पथराव के दौरान टीम के साथ थे। बाद में निगम के अधिकारियों ने पहुंचकर दो लोगों को पकड़ा और थाना एत्माददौला पुलिस को सौंप दिया।
दूध निकालकर सड़कों पर छोड़ दीं गाय
नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि अधिकांश गायें पशुपालकों की थीं जो सुबह दूध निकालने के बाद छोड़ दी गई थीं। दिनभर गायें इधर-उधर घूमती हैं और शाम को फिर से उन्हीं के घर पहुंच जाती हैं। नगर निगम की कार्रवाई का वही पशुपालक विरोध कर रहे हैं।