घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के थाना जसराना क्षेत्र के जाजूमई नहर पुल पर कलश विसर्जन करते समय आपस में हुए विवाद में हुए पथराव में एक दुकानदार सहित दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा एवं विवाद कर रहे छह लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों पर पुलिस ने शांतिभंग में कार्रवाई की है। मौके से मिली छह बाइकों को सीज कर दिया गया है।
थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव नगला किरार निवासी तारा सिंह के यहां श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हुआ था। कथा के समापन होने पर तारा सिंह ग्रामीणों के साथ जाजूमई नहर पुल पर कलश विसर्जन करने के लिए आए हुए थे। इसी दौरान ग्रामीणों में आपस में विवाद हो गया। विवाद के दौरान पथराव होने से भगदड़ मच गई। पथराव होने से पुल पर हलवाई की दुकान करने वाला जितेंद्र उर्फ छोटू निवासी जाजूमई और एक अन्य घायल हो गया।
दुकान पर की गई लूटपाट
आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो उसकी दुकान पर लूटपाट भी की गई। नहर पुल पर विवाद की सूचना पर थाना जसराना से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस को देख हंगामा करने वाले लोग भाग खड़े हुए। इस दौरान पुलिस ने तुलाराम, चतरेश, बलराम सिंह, धर्मजीत, दीवान सिंह और उमेश को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए युवकों के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में जुटी पुलिस
वहीं घायल जितेंद्र सिंह के साथ कथा आयोजक पक्ष के बबलू निवासी झारपुरा थाना शमशाबाद आगरा का जसराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरी परीक्षण कराया है। एसएसआई विनोद कुमार ने कहा दो पक्षों में मारपीट हुई है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मौके पर मिली छह बाइकों को सीज कर दिया है।