मैनपुरी। थाना करहल क्षेत्र से पुलिस ने असपुरा अंडरपास के पास से छह बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी का काफी माल, नकदी, वैन व तमंचा कारतूस मिले। पूछताछ में तीन अन्य साथियों के नाम भी बताए। शुक्रवार को एसपी ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।
थाना करहल क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों के खुलासे को लेकर एसपी के निर्देशन में टीमें काम कर रहीं थीं। बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि असपुरा अंडरपास के पास कुछ बदमाश मौजूद हैं। इनके पास असलहा भी हैं, यह लोग किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ घेराबंदी कर वहां मौजूद छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पूछताछ करने पर अपने नाम इकरार निवासी वैदपुरा जनपद इटावा, नसरुद्दीन निवासी गांव बमेरी संतोष नगर भिंड, इरफान निवासी फक्कडपुरा जसवंत नगर इटावा, इदरीश निवासी गांव तिजौरा इटावा, श्रवण कुमार निवासी कटरा और सागर सिंह निवासी कटरा पुस्ता जनपद इटावा बताया। पूछताछ में अपने तीन साथियों के नाम अफ्तार निवासी गांव रकसिया इटावा, जबरुद्दीन निवासी बमेरी संतोष नगर भिंड और अतुल निवासी बहादुरपुर हैवरा थाना सैफई इटावा बताया।
शुक्रवार को कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए एसपी अशोक कुमार राय ने बताया कि पूछताछ में चोरों ने करीब नौ से अधिक चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। इन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बदमाशों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वैन, छह अंगूठी, दो चेन, दो मंगलसूत्र, चार लौंग, एक नथ, दो कमरबंद, छह खडुआ, 2600 रुपये की नकदी व दो तमंचा कारतूस मिले। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।