अंसद और फिरोज को अस्थाई जेल लेकर जाती मथुरा पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया (सीएफआई) सदस्य अंसद और फिरोज खान को एडीजे प्रथम अनिल कुमार पांडे की अदालत ने एसटीएफ को मंगलवार को दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर सौंप दिया। एसटीएफ दोनों को जेल से पूछताछ के लिए 10 मार्च को दस बजे से 12 मार्च के 10 बजे तक अपने साथ ले जाएगी। जानकारी रहे एसटीएफ दोनों सीएफआई सदस्यों को 8 मार्च को बी वारंट पर लखनऊ जेल से मथुरा लाई थी।
बी वारंट पर लखनऊ जेल से पेश किया था
एटीएस द्वारा लखनऊ में पकड़े गए सीएफआई सदस्य अंसद और फिरोज खान को सोमवार को एसटीएफ ने बी वारंट पर लखनऊ जेल से पेश किया था। इसी दौरान एसटीएफ जांच अधिकारी सीओ विनोद कुमार सिरोही ने अंसद और फिरोज खान के लिए दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) के लिए आवेदन भी किया। उनके इस आवेदन पर एडीजे प्रथम अनिल कुमार पांडे की अदालत द्वारा मंगलवार को सुनवाई की गई।
संबंधित खबर- हिंसा की साजिश का मामला: अंसद-फिरोज खान को रिमांड पर लेकर एसटीएफ करेगी पूछताछ
इस दौरान एसटीएफ ने अदालत में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि दोनों सीएफआई सदस्यों से पूछताछ के लिए रिमांड की आवश्यकता है जबकि सीएफआई सदस्यों के अधिवक्ता मधुवन दत्त चतुर्वेदी ने बताया कि उन्होंने अदालत में पीसीआर का विरोध किया। डीजीसी शिवराम तरकर ने बताया कि दोनों सीएफआई सदस्यों की अदालत ने पीसीआर दे दी है। अब एसटीएफ दोनों को पूछताछ के लिए ले जाएगी।