दस रुपये से लेकर 500 रुपये तक का स्टांप अब आप खुद डाउनलोड कर प्रिंट सकेंगे। स्टांप एवं निबंधन विभाग ने सॉफ्टवेयर तैयार कर लिया है। सितंबर से यह नई व्यवस्था लागू हो सकती है। जिसकी मदद से कोई भी व्यक्ति शपथपत्र, एग्रीमेंट, विवाह पंजीकरण व अन्य कार्यों के लिए 10, 20, 50, 100 और 500 रुपये राशि का स्टांप स्वयं छाप कर प्रिंटर से निकाल सकेगा।
जनवरी 2021 से ई-स्टांपिंग व्यवस्था लागू होने के बाद भौतिक स्टांप की छपाई बंद हो गई है। ऐसे में दस, बीस, पचास और 100 रुपये के स्टांप पर कालाबाजारी हो रही है। स्टांप पांच गुना तक अधिक कीमत पर बिक रहे हैं। बैंक में स्टांप राशि का चालान जमा करने के लिए लाइन में लगना पड़ता है। फिर कोषागार के चक्कर काटने पड़ते हैं। जिसके बाद उन्हें दूसरे या तीसरे दिन स्टांप मिलता है। इस झंझट से मुक्ति दिलाने के लिए सेल्फ ई-स्टांप सेवा शुरू होने जा रही है। जनसुविधा केंद्र या इंटरनेट केंद्र पर बैठकर कोई भी इच्छित राशि का स्टांप तत्काल डाउनलोड कर प्रिंट कर सकेगा। स्टांप निकालने से पहले खरीदार को स्टांप खरीद की वजह भी बतानी पड़ेगी। साथ ही आधार कार्ड, नाम-पता और मोबाइल नंबर सॉफ्टवेयर में दर्ज करना होगा।