चैतन्य हरिचितजी महाराज ने बताया कि रोहिणी नक्षण 24 को रहेगा, इसी तारीख को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। इस्कॉन मंदिर के अरविंद स्वरूप दास ने भी यही बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 24 को मनाई जाएगी।
हालांकि मथुरा में जन्माष्टमी 23 और 24 दोनों दिन मनाई जाएगी। वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर में 23 को मनाई जाएगी। राधा दामोदर मंदिर, राधा रमण मंदिर एवं इस्कॉन मंदिर में 24 को मनाई जाएगी।
इस्कॉन मंदिर में तीन दिन तक चलेगा महोत्सव
आगरा के कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर के अरविंद स्वरूप दास ने बताया कि मंदिर में 23 अगस्त को प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, रचनात्मक लेखन, कला प्रतियोगिता, बिना आग के खाना बनाना, 24 अगस्त दिन शनिवार को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
वहीं 25 अगस्त दिन रविवार को भजन प्रतियोगिता और लड्डू गोपाल शृंगार किया जाएगा। कार्यक्रम की जिम्मेदारी इंस्कॉन के भक्तों को सौंप दी गई है। अरविंद स्वरूप दास ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है।
श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल की ओर से बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर में 22 से 25 अगस्त तक जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में आमंत्रण पत्रिका के विमोचन के दौरान दी गई।
मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि 22 अगस्त को मेहंदी प्रतियोगिता, 23 अगस्त को भव्य निशान यात्रा, 24 अगस्त को फूल बंगला व भजन संध्या और 25 अगस्त की शाम रसोई का दिव्य आयोजन होगा।