जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में तो समाजवादी पार्टी अपनी रणनीति में कामयाब हो गई लेकिन ब्लाक प्रमुख चुनाव में सपा को हर वार्ड में चुनौती मिल रही है। नामांकन पत्र खरीदने से पहले सपा के नेता दावा कर रहे थे कि कम से कम दस ब्लाकों में पार्टी के प्रत्याशी के निर्विरोध जीतेेंगे लेकिन जिले का ऐसा कोई ब्लाक नहीं है जहां सपा प्रत्याशी के खिलाफ नामांकन पत्र नहीं खरीदा गया हो।
ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी अपनी रणनीति बनाने में लगी है। जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव का दावा था कि सपा कम से कम से 10 ब्लाकों में निर्विरोध जीतेगी लेकिन अब सपा के समीकरण बिगड़ने लगे हैं। एक फरवरी से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हुई। तब से गुरुवार तक करीब 70 नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं। सभी ब्लाकों में औसतन चार नामांकन पत्र खरीदे गए हैं। तीन फरवरी तक बिके नामांकन पत्रों के आंकड़ों पर नजर डालें तो एत्मादपुर में छह, खंदौली में चार, फतेहाबाद में चार, शमसाबाद में दो, खेरागढ़ में चार, सैयां में चार, अकोला में चार, बरौली अहीर में चार, बिचपुरी में दो, अछनेरा में चार, फतेहपुर सीकरी में तीन, बाह में सात, पिनाहट में चार और जैतपुर कला में तीन नामांकन पत्र खरीदे गए थे। चार फरवरी को भी सभी ब्लाकों में नामांकन पत्र खरीदे गए हैं। इससे साफ है कि सपा के खिलाफ हर ब्लाक में प्रत्याशी मैदान में होंगे। कई प्रत्याशी तो चुनाव लड़ने की स्थिति में ही नहीं हैं लेकिन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी का निर्विरोध जीतना उन्हें स्वीकार नहीं है, इसलिए मूछों पर ताव दे रहे हैं। कुछ बीडीसी सदस्यों ने अपना रेट बढ़ाने के लिए पर्चा खरीदा है ताकि चुनाव जीतने की दहलीज पर खड़ा प्रत्याशी उनकी मुराद पूरी कर सके। उधर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव का कहना है कि लोगों को पर्चा खरीदने से रोक थोड़े ही सकते हैं, लेकिन समीकरण सपा प्रत्याशियों के साथ हैं। सपा बड़ी जीत दर्ज करेगी।
ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए जोनल मजिस्ट्रेेट नियुक्त
आगरा। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) पंकज कुमार ने क्षेत्र पंचायतों के पदों पर निर्वाचन 2016 की प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए जोनल मैजिस्ट्रेटों की नियुक्ति कर दी है। उन्होंने पीडी गुप्ता उप जिलाधिकारी, एत्मादपुर, राम सिंह गौतम (अपर नगर आयुक्त), रेखा एस चौहान (नगर मजिस्ट्रेट), मूलचंद गंगवार (उप निदेशक मंडी), एमपी सिंह (उप जिलाधिकारी खेरागढ़), प्रवीण कुमार जौहरी (बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी), अजय राठौर (अधिशासी अभियंता लोनिवि), अरुण कुमार (अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय), अजीत सिंह (उप जिलाधिकारी किरावली), आरपी शर्मा (मंडलीय उप शिक्षा निदेशक), ए. दिनेश कुमार (ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी सदर), जेपी सिंह (उपजिलाधिकारी फतेहाबाद), झब्बर प्रसाद (अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय, प्रभाकर शर्मा (अधिशाषी अभियंता लोनिवि), उमाशंकर (उपजिलाधिकारी बाह) को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है।