यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सपा के टिकट दावेदारों के लिए पीडीए में पकड़ अहम कसौटी बन सकती है। नौ विधानसभा सीटों पर 40 से अधिक दावेदारों के बीच प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मंगलवार को आगरा पहुंचकर संगठन और दावेदारों की समीक्षा करेंगे।
पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) के रथ पर सवार समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी का ख्वाब देख रही है। साइकिल का टिकट पाने के लिए कई दावेदार तैयार हैं लेकिन, टिकट का आधार दावेदार की पीडीए में पकड़ से तय होगा। पीडीए चौपाल और सम्मेलन में सक्रियता से ही दावेदारों का भविष्य तय होगा।
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और बूथ प्रबंधन से लेकर दावेदारों की समीक्षा के लिए मंगलवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल आगरा आएंगे। दो दिन के प्रवास पर वह पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के घर जाएंगे। पूर्व जनप्रतिनिधियों संग बैठक होगी।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एक तरफ दावेदारों की नब्ज टटालेंगे, वहीं दूसरी तरफ जीत का मंत्र भी बताएंगे। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर सोमवार को शहर और जिला इकाई ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। शहर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने बताया कि छावनी क्षेत्र में पार्टी की स्थिति मजबूत है। ऐसे में छावनी से ही चुनावी अभियान का शंखनाद होगा।
विज्ञापन
छीपीटोला स्थित डॉ. आंबेडकर सामुदायिक भवन में छावनी क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। इसमें प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत का मंत्र देंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार छावनी के अलावा ग्रामीण, फतेहाबाद, बाह और एत्मादपुर सीट पर भी पार्टी में दावेदारों की लंबी कतार है। नौ सीटों पर करीब 40 दावेदार टिकट के लिए ताल ठोक रहे हैं।